बरेली। आम नागरिकों को त्वरित, सुलभ एवं भरोसेमंद कानूनी सहायता से जोड़ने के उद्देश्य से शुक्रवार को विकास भवन सभागार में टेली लॉ योजना पर आधारित व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक एवं श्रम विभाग के अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में वीएलई (विलेज लेवल एंटरप्रेन्योर) ने सहभागिता की। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोगों को डिजिटल माध्यम से उपलब्ध न्यायिक सेवाओं की जानकारी देकर उन्हें सशक्त बनाना रहा। कार्यक्रम में श्रम परिवर्तन अधिकारी दिलीप कुमार ने कहा कि सुशासन की नींव तभी मजबूत होती है, जब समाज के अंतिम व्यक्ति तक उसके अधिकारों की जानकारी और सहायता पहुंचे। टेली लॉ जैसी योजनाएं प्रशासन और नागरिकों के बीच की दूरी को कम कर समस्याओं के समाधान को सरल और प्रभावी बनाती हैं। उन्होंने बताया कि कॉमन सर्विस सेंटर गांव-गांव में कानूनी जागरूकता फैलाने का सशक्त माध्यम बनकर उभर रहे हैं।टेली लॉ के राज्य समन्वयक वागीश सिंह ने कहा कि यह योजना केवल कानूनी सलाह तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों में कानून के प्रति विश्वास और समझ विकसित करने का माध्यम भी है। कार्यक्रम में टेली लॉ की कार्यप्रणाली, सीएससी के माध्यम से परामर्श प्रक्रिया तथा इसके सामाजिक लाभों पर विस्तार से चर्चा की गई।इस अवसर पर जोनल मैनेजर मनमोहन यादव, जिला प्रबंधक सीएससी प्रदीप दीक्षित, जिला समन्वयक इम्तियाज अहमद सिद्दकी सहित 125 से अधिक सीएससी केंद्र प्रभारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने वीएलई से अपील की कि फॉर्मर रजिस्ट्री सर्विस हेतु ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर अधिक से अधिक लाभार्थियों को योजना से जोड़ा जाए