बरेली। शिवसेना जनपद बरेली की ओर से शिवसेना संस्थापक, हिंदू हृदय सम्राट स्व. बालासाहेब ठाकरे एवं महान क्रांतिकारी नेता नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती को राष्ट्र गौरव दिवस के रूप में मनाते हुए राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से शिवसैनिकों ने स्व. बालासाहेब ठाकरे और नेताजी सुभाष चंद्र बोस को भारत रत्न से सम्मानित किए जाने की मांग की। शिवसेना पदाधिकारियों ने कहा कि बालासाहेब ठाकरे ने हिंदुत्व, राष्ट्रवाद और सामाजिक चेतना के लिए आजीवन संघर्ष किया, वहीं नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने आज़ाद हिंद फौज का गठन कर भारत की स्वतंत्रता में अमूल्य योगदान दिया। ऐसे महापुरुषों को सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिलना चाहिए। ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि स्व. बालासाहेब ठाकरे की एक भव्य प्रतिमा बरेली के किसी सार्वजनिक पार्क में स्थापित की जाए। साथ ही सनातन संस्कृति की पूज्य गौ माता को राष्ट्रीय पशु का दर्जा देने और गौकशी के विरुद्ध सख्त कानून बनाए जाने की मांग रखी गई। इसके अतिरिक्त मंगलवार को भी सरकारी विद्यालयों में आधे दिन का अवकाश घोषित करने तथा 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को श्रीराम जन्मभूमि, मथुरा श्रीकृष्ण जन्मभूमि और काशी विश्वनाथ मंदिर की निःशुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई। इस अवसर पर विश्व प्रताप सिंह, विनोद मिश्रा, प्रिंस चंद्र, राहुल पाठक, दिनेश कनोजिया, आयुष वर्मा, प्रभजोत, ज्योति कश्यप, प्रीति सैनी, आरती तिवारी, राजीव पांडे, अवनीश मिश्रा, संजय चंद्र सिंह, आशीष पांडे सहित सैकड़ों शिवसैनिक उपस्थित रहे।