एसडीएम ने किया जरीफपुर गढिया की गौशाला का निरीक्षण संबंधित को दिए व्यवस्था सुधार के निर्देश
सहसवान। एसडीएम ज्योति शर्मा ने शनिवार को गांव जरीफपुर गढ़िया पहुंच कर गौशाला का निरीक्षण किया। खामियां मिलने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित लोगों को व्यवस्था सुधार के निर्देश दिए। एसडीएम को निरीक्षण के दौरान पशुशाला में तीन गाय और एक बछडा कुल चार पशु मिले। पशुओं के टैग नहीं लगे हुए थे। हरे चारे की कोई व्यवस्था नहीं थी। इसके लिए मौके पर ही खलिहान के लिए ग्राम समाज की भूमि चिन्हित की गई। हल्का लेखपाल को तत्काल अवैध कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही ग्राम प्रधान और सचिव को निर्देशित किया गया कि इस भूमि पर मनरेगा से हरे चारे की बुवाई कराएं। स्टॉक रजिस्टर, पशु रजिस्टर भी मौके पर सचिव द्वारा नहीं दिखाए गए। जिससे यह पता नहीं चल पाया कि भूसा किस-किस दिनांक में मंगवाया गया है। मृत गाय को नियमानुसार गांव से दूर दफनाने के निर्देश दिए गए। ताकि गांव में बदबू और संक्रमण ना फैले। पशुओं के लिए जल की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही साफ सफाई और गोबर को जैविक खाद में बदल कर उसका सही उपयोग करने के निर्देश दिए गए। पशुशाला में एक कट्टा भूसा एवं कार्यरत कर्मचारी मौजूद मिला। पशुशाला के मेन गेट पर कीचड़ युक्त पानी पाया गया। इस पर एसडीएम ने नाराजगी जताते हुए तत्काल व्यवस्था सुधार के निर्देश दिए।