बरेली। नागरिक सुरक्षा कोर, रामपुर बाग पोस्ट की मासिक बैठक रविवार को चौकी चौराहा स्थित डॉ. चारू मेहरोत्रा के निवास पर आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता डॉ. चारू ने की। बैठक में हर घर तिरंगा अभियान के तहत लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करने, देशभक्ति की भावना जागृत करने, आसपास की स्वच्छता बनाए रखने और उर्स में होने वाली सभाओं की व्यवस्था में प्रशासन को सहयोग देने जैसे विषयों पर चर्चा हुई। इसके अलावा, महाविद्यालयों और कॉलेजों में युवाओं में जागरूकता लाने के लिए कार्यशालाओं के आयोजन पर भी जोर दिया गया। डॉ. चारू ने कहा कि आपदा से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम युवाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। इनसे वे आकस्मिक घटनाओं के समय बाहरी मदद आने तक स्वयं और दूसरों को सुरक्षित रखने में सक्षम हो पाते हैं। बैठक में डिविजन वार्डन दिनेश यादव ने त्योहारों और श्रावण मास में श्रद्धालुओं के सहयोग के लिए पोस्ट के सदस्यों की सराहना की। वहीं, जहीर अहमद ने वृक्षारोपण कार्यक्रम में सहयोग की अपील की। इस अवसर पर प्रमोद कुमार, सौरभ दिवाकर, सहायक पोस्ट वार्डन एडविन प्रेम, लव श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। पोस्ट वार्डन हरपाल सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया।