अब तक 8632 गोवंश किए गए संरक्षित
बदायूं। जिलाधिकारी दीपा रंजन के निर्देशन में जनपद बदायूं में निराश्रित, बेसहारा गोवंश पकड़ कर संरक्षित किए जा रहे हैं। यह कार्य खंड विकास अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत द्वारा कराया जा रहा है। विगत 3 सप्ताह में ग्रामीण स्तर पर खंड विकास अधिकारियों द्वारा 379 एवं नगरीय क्षेत्र में अधिशासी अधिकारियों द्वारा 90 गोवंश कुल 469 गोवंश संरक्षित किए गए हैं। गोवंश पकड़ने के साथ-साथ जो गोवंश 31 मार्च 2021 तक गोवंश आश्रय स्थल स्थलों पर संरक्षित हैं उनको सुपुर्दगी में दिए जाने की कार्यवाही पशुपालन विभाग के अधिकारियों द्वारा की जा रही है। अब तक 428 गोवंश विगत 3 सप्ताह में पशुपालकों को दिए जा चुके हैं। मुख्य विकास अधिकारी निशा अनंत द्वारा गोवंश संरक्षण एवं सुपुर्दगी में दिए जा रहे हैं। गोवंश की लगातार समीक्षा की जा रही है, जिसके फलस्वरूप जनपद में निरंतर निराश्रित, बेसहारा गोवंश की कमी हो रही है। अब तक जनपद में 123 गोवंश आश्रय स्थल व चार पंजीकृत गौशालाओं में कुल 8632 गोवंश संरक्षित किए जा चुके हैं, साथ ही गोवंश संरक्षण की प्रक्रिया निरंतर जारी है। मुख्यमंत्री की सहभागिता योजना के अंतर्गत पशुपालकों को दिए जाने वाले गोवंश से 900 रुपए प्रति माह की आय पशुपालकों को हो रही है।

