बरेली। थाना क्योलड़िया पुलिस ने दिनांक 1 अगस्त को ग्राम माधौपुर में हुई एक व्यक्ति की हत्या के प्रकरण में वांछित अभियुक्त विमल सिंह पुत्र राजवीर सिंह (उम्र 20 वर्ष, निवासी माधौपुर, थाना क्योलड़िया को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार निशान मैग्नाइट भी बरामद की गई। वादिनी हीराकली पत्नी स्वर्गीय चरन सिंह ने थाने में दर्ज कराई शिकायत के अनुसार, वर्ष 2022 में उनके पुत्र संजय सिंह ने राजवीर सिंह की पुत्री से विवाह कर लिया था। इसी बात को लेकर राजवीर व उसका परिवार रंजिश मानते थे। 1 अगस्त को वादिनी के पति चरन सिंह जब सब्ज़ी लेकर लौट रहे थे, तब अभियुक्तों ने उन्हें माधौपुर पुलिया पर घेरकर मारपीट की और फिर एक्सीडेंट का रूप देने के उद्देश्य से उनकी बाइक में टक्कर मारकर उन्हें गिराया और गाड़ी चढ़ा दी, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर, साक्ष्य संकलन के बाद विवेचना प्रारंभ की। प्रभारी निरीक्षक राजबली सिंह व उनकी टीम को सूचना मिली कि विमल सिंह कार संख्या UP25EJ4365 से क्योलड़िया डैम की ओर आ रहा है। तत्पश्चात पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे सुबह 8:05 बजे गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने पूर्व रंजिश के चलते सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया। वह पहले से पुलिया पर घात लगाकर बैठा था और चरन सिंह के पहुंचते ही उन्हें टक्कर मारकर जानबूझकर कार चढ़ाई।