बरेली। स्वतंत्रता दिवस समारोह-2025 के अंतर्गत रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों एवं मार्गदर्शन के अनुसार इज्जतनगर मंडल पर स्वच्छता अभियान का प्रथम चरण 1 अगस्त से 15 अगस्त तक आयोजित किया जा रहा है। आज अभियान के पांचवें दिन, 5 अगस्त को मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। काठगोदाम एवं काशीपुर रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें रेलवे कर्मचारियों के साथ-साथ यात्रियों ने भी स्वच्छता बनाए रखने की शपथ ली। काशीपुर रेलवे स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों व स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता का संदेश दिया गया। वहीं, काठगोदाम डिपो में मैकेनिकल विभाग द्वारा श्रमदान कर परिसर की सफाई और कचरे का निस्तारण किया गया। इसके अतिरिक्त, मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों तथा ट्रेनों में यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने हेतु स्वच्छता शपथ संबंधित पंपलेट्स का वितरण किया गया। रेलवे प्रशासन का यह प्रयास देश की आजादी का उत्सव स्वच्छता के संकल्प के साथ मनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।