गाजियाबाद। अपनी शैली के दम पर विशिष्ट पहचान बनाने वाले लोकप्रिय जननेता गाजियाबाद की मुरादनगर विधानसभा के छह बार के विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री राजपाल त्यागी का 80 वर्ष की आयु में शुक्रवार की सुबह गाजियाबाद के नामचीन यशोदा अस्पताल में निधन हो गया, वह पिछले 15 दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। राजपाल त्यागी के निधन के बाद मुरादनगर से भाजपा के विधायक उनके बेटे अजीत पाल त्यागी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके यह जानकारी दी है। शाम 4 बजे हिंडन स्थित शमशान घाट पर उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया, उनके बड़े पुत्र गिरीश पाल त्यागी के बेटे मोहित त्यागी ने उन्हें मुखाग्नि दी। खराब मौसम व कांवड़ यात्रा में रास्ता बंद होने के बावजूद भी अपने लोकप्रिय नेता को अंतिम विदाई देने के लिए राजपाल त्यागी के अंतिम संस्कार में हिंडन श्मशान घाट पर भारी संख्या में भीड़ उमड़ पड़ी। राजपाल त्यागी के परिवार में दो पुत्र गिरीश पाल त्यागी, अजीत पाल त्यागी और पत्नी लोकेश त्यागी हैं। गाजियाबाद की राजनीति के पुरोधा राजपाल त्यागी कांग्रेस से गाजियाबाद के जिला अध्यक्ष भी रहे हैं और वह कांग्रेस, सपा व बसपा के टिकट के साथ-साथ निर्दलीय के रूप भी मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक भी चुने गए थे। उनकी लोकप्रियता का आलम यह था कि वह मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र से 6 बार विधायक चुने गए थे, अपनी लोकप्रियता व कार्यों के दम पर वह कैबिनेट मंत्री भी बने। फिलहाल मुरादनगर से भाजपा से राजपाल त्यागी के बेटे अजीत पाल त्यागी दो बार से विधायक हैं। उनके निधन से क्षेत्र व त्यागी समाज में शोक की लहर दौड़ गई है। वैसे भी उनके व्यक्तित्व को देखा जाए तो यह अपूर्णीय क्षति न केवल परिवार के लिए, बल्कि समाज एवं राजनीतिक जगत के लिए भी है। मैं परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देकर मोक्ष प्रदान करें और परिवार को इस कष्ट को सहने की शक्ति प्रदान करें।