बिल्सी। पिछले दिनों अलीगढ़ जिले में जहरीले शराब पीने से दर्जनों लोगों की मौत की घटना के बाद पूरा प्रदेश हिल गया है। इस घटना की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए आज रविवार को एसडीएम आरबी सिंह, सीओ अनिरुध्द सिंह और आबकारी निरीक्षक हरिनारायन सिंह ने नगर समेत क्षेत्र की दर्जनभर शराब की दुकानों पर संयुक्त रुप से छापा मारा। सभी दुकानों पर स्टॉक रजिस्टरों को बारीकी से निरीक्षण किया गया। अधिकारियों की इस कार्रवाई से शराब की दुकान चलाने वालों में खलबली मच गई है। ज्ञात रहे पिछले दिनों अलीगढ़ जिले में जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मौत हो चुकी है। जिसके बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अवैध शराब का धंधा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए थे। आज इसी क्रम में दोपहर एसडीएम आरबी सिंह और सीओ अनिरुद्ध सिंह बिल्सी नगर के अलावा नरैनी चौराहा, खितौरा, उघैती, रुदायन पंहुच कर शराब की दुकानों पर छापा मारा। एसडीएम ने बताया कि आज सभी दुकानों पर स्टॉक रजिस्टर मौजूद मिले। जिनका बारीकी से अवलोलन किया गया। एसडीएम ने बताया कि आज निरीक्षण के दौरान किसी भी शराब की दुकान पर कोई अनियमितता नहीं मिली है। मगर अवैध तरीके से शराब की बिक्री किसी भी कीमत पर नहीं करने दी जाएगी। जिसके लिए शासन के निर्देश पर दुकानों का निरीक्षण समय-समय पर चलता रहेगा।