बरेली। थाना कैंट क्षेत्र के भऊआपुर गांव में एक 40 वर्षीय युवक ने चोरी के आरोप और मारपीट से आहत होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतक के परिवार ने पड़ोसी पर पिटाई करने का आरोप लगाया है। मृतक रामगोपाल के छोटे भाई आंसू ने बताया कि 9 जनवरी की रात रामगोपाल शराब के नशे में पड़ोसी सुखपाल के दरवाजे पर पहुंचे। इसे लेकर सुखपाल और उनके साथियों ने रामगोपाल पर भैंस चोरी का शक जताया और उनकी जमकर पिटाई की। यही नहीं, सुखपाल कश्यप , मुन्ने कश्यप ने डब्बू गुप्ता के कहने पर थाना कैंट में रामगोपाल के खिलाफ तहरीर भी दे दी। मारपीट और पुलिस केस के डर से रामगोपाल मानसिक रूप से बेहद परेशान थे। आखिरकार, उन्होंने बीती रात सुखपाल के खेत के पास नींव के पेड़ से दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। सुबह जब परिवार को घटना की जानकारी हुई तो घर में कोहराम मच गया। रामगोपाल अपने पीछे पत्नी मीना देवी, एक बेटा और दो बेटियां छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने आरोप लगाया है कि पड़ोसी सुखपाल और उसके साथियों की प्रताड़ना और मारपीट ने रामगोपाल को आत्महत्या करने पर मजबूर किया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।