डिजिटल हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ कर मनाई गई स्वामी विवेकानंद जयंती
बदायूँ।।आवास विकास स्थित राजकीय महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना, सांस्कृतिक परिषद एवं स्वावलंबी भारत अभियान के अंतर्गत संचालित जिला रोजगार सृजन केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में युवा वक्तव्य सेमिनार एवं उद्यमिता आयोग गठन को लेकर डिजिटल हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ कर राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में स्वामी विवेकानंद की जयंती मनाई गई।आर्य कन्या महाविद्यालय शाहजहांपुर के प्रबन्धक डॉ अमितेश, विशिष्ट अतिथि राजकीय महिला महाविद्यालय की हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ वन्दना कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ श्रद्धा गुप्ता एवं मुख्य वक्ता डॉ संजय कुमार ने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। युवा सेमिनार को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता डॉ संजय कुमार जायसवाल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का राजयोग पूर्णता को प्राप्त करने की स्थिति है। जब मनुष्य स्वयं में ईश्वर को ढूंढ कर देवत्व प्राप्त कर लेता है तब वह राजयोग के अन्तिम सोपान को प्राप्त कर लेता है। डॉ वन्दना ने स्वामी जी के दर्शन के संदर्भ में राष्ट्र और राष्ट्रीयता की अवधारणा को स्पष्ट करते हुए वसुधैव कुटुंबकम और भारत भूमि को माता की श्रेणी में रखने की अवधारणा पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि अमितेश ने कहा कि युवाओं के प्रेरणा स्रोत स्वामी विवेकानंद युवा शक्ति को परिमार्जित करने वाले युगपुरुष थे और युगदृष्टा थे। उनका व्यक्तित्व एवम दर्शन युवाओं के व्यक्तिव व चरित्र के निर्माण के साथ राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ श्रद्धा गुप्ता ने कहा कि स्वामी जी ने अपने महान विचारों को अपने व्यक्तित्व में समाहित कर सम्पूर्ण विश्व को मानवता का सन्देश दिया। स्वामी जी के कथनी और करनी में कोई अन्तर नहीं था। वह एक ऐसे निर्विवाद महापुरूष रहे जिनके विचारों से दुनिया के सारे वैचारिक अधिष्ठान अपनी सहमति व्यक्त करते हुए प्रेरणा लेते हैं। सेमिनार को अनूप सिंह यादव, निखिल सिंह, गौसिया, महिमा भारती आदि ने संबोधित किया। कार्यक्रम अंत में स्वावलंबी भारत अभियान के अंतर्गत पूर्ण रोजगार युक्त भारत बनाने के लिए उद्यमिता आयोग गठित करने के लिए डिजिटल हस्ताक्षर अभियान के क्यू आर कोड युक्त पोस्टर का विमोचन किया गया और उसे छात्र छात्राओं में वितरित कर हस्ताक्षर अभियान में शामिल होने के लिए अपील की गई। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस के जिला नोडल अधिकारी डॉ राकेश कुमार जायसवाल ने किया। इस अवसर पर डॉ दिलीप वर्मा, डॉ गौरव कुमार सिंह, संजीव शाक्य, राजीव पाली, तमन्ना, अंजलि अग्रवाल, समीक्षा,शगुन शर्मा, अनामिका सक्सेना आदि उपस्थित रहे।













































































