मदर्स पब्लिक स्कूल में गांधी और शास्त्री जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई
बदायूँ। उझानी रोड स्थित मदर्स पब्लिक स्कूल बदायूं में गांधी एवं शास्त्री जयंती मनाई गई। इस अवसर पर विधार्थियों द्वारा विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए । प्रधानाचार्या शीबा खान ने गांधी जी और लाल बहादुर शास्त्री जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। कक्षा नौ की छात्रा इकरा सैफी ने हिंदी , तथा कक्षा ग्यारहवीं की छात्रा निदा खान ने अंग्रेजी में भाषण प्रस्तुत कर गांधीजी तथा शास्त्री जी दोनो महापुरुषों के जीवन पर प्रकाश डाला और बताया कि महात्मा गांधी ने सत्य अहिंसा के रास्ते पर चलते हुए भारत के स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, तो दूसरी ओर शास्त्री जी के जीवन को सादगी की मिसाल के तौर पर देखा जाता है। इसके साथ ही छात्राओं द्वारा गांधी जी के जन्म दिवस पर एक नाटक प्रस्तुत किया गया। जिसमें उनके जीवन से जुड़ी घटनाओं , दांडी मार्च यात्रा, असहयोग आंदोलन, भारत छोड़ो आंदोलन आदि को दिखाया गया,साथ ही गांधीजी ने देश की स्वतंत्रता के लिए किए गए संघर्ष को भी प्रस्तुत किया । नाटक का मंचन देख महात्मा गांधी के जीवन से जुड़े संघर्ष की कहानी जीवंत हो उठी। कक्षा 6 से कक्षा 12 तक की छात्राओं ने स्कूल परिसर से लेकर नौशेरा गांव तक स्वच्छता अभियान रैली निकाली तथा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आस _पास सफाई रखने और कूड़ा , कचरा उचित तरीके प्रयोग करने का संदेश दिया। छात्राओं ने हाथों में बैनर, और पोस्टर लेकर नारों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता का संदेश देकर जागरूक किया। स्वच्छता अभियान के अंतर्गत क्षेत्र को साफ सुथरा रखने की शिक्षक शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने शपथ ली।

स्कूल की प्रधानाचार्या शीबा खान ने सभी को गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती की शुभकामनाएं देते हुए बताया कि भारत के महान स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक और राजनेता महात्मा गांधी का जन्म 2 अक्टूबर 1869 को गुजरात के पोरबंदर में हुआ था ।महात्मा गांधी के त्याग और देश की आजादी में अहम योगदान के लिए उन्हें राष्ट्रपिता का दर्जा दिया गया है इसलिए समस्त देशवासी आज भी उन्हें राष्ट्रपिता महात्मा गांधी/बापू गांधी के नाम से जानते हैं।उन्होंने शास्त्री जी के जीवन पर भी प्रकाश डालते हुए बताया कि लाल बहादुर शास्त्री भारत के दूसरे प्रधानमंत्री रहे, वह अपने सरल स्वभाव के लिए जाने जाते थे। शास्त्री जी ने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई और देश को मजबूत नेतृत्व प्रदान किया।













































































