गोरखपुर में जन्मोत्सव की धूम, आज सजेंगी भगवान कृष्ण की भव्य झांकियां- जन्मेंगे कन्हाई
गोरखपुर। भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाने की तैयारियां पूरी हो चुकीं हैं। आज धूमधाम से भगवानश्र श्रीकृष्ण के विभिन्न स्थानों पर भगवान कृष्ण की मूर्तियां स्थापित की जा रहीं हैं। इसके साथ ही भगवान के जीवन की विविध लीलाओं का चित्रण करती हुई सुंदर झाकियां भी सजाईं जा रहीं हैं।इनके माध्यम से भगवान के बाल रूप, राधा-कृष्ण की लीलाएं और गोपियों के साथ उनके संवादों को खूबसूरती से प्रस्तुत किया जाएगा। विशेष रूप से जलकल भवन में परंपरागत रूप से सजाई जाने वाली झांकियां आकर्षण का केंद्र होंगी। मोहद्दीपुर स्थित राधाकृष्ण मंदिर में भी विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जहां श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित होकर भगवान की पूजा-अर्चना करेंगे।

इस अवसर पर शहर के प्रमुख स्थलों जैसे पुलिस लाइंस, रजही कैंप, आरपीएफ बैरक और जिला जेल में भी जन्माष्टमी की धूम मची हुई है।बाजार में पूजन और सजावट के लिए ग्राहकों की भीड़ जुटी रहीं। असुरन, गोलघर, घंटाघर, आजाद चौक और अन्य प्रमुख बाजारों में युवक-युवतियां सजावटी सामान और भगवान के लिए विशेष वस्त्र, मोरपंख, पगड़ी, बांसुरी, मटका और श्रृंगार के सामान खरीदने में व्यस्त दिखे। कई स्थानों पर स्थानीय समितियों ने कार्यक्रमों के आयोजन के लिए जोर-शोर से तैयारियां की हैं। 108 तीर्थों के जल से होगा कान्हा का अभिषेक अंतरराष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) में देवरिया बाईपास रोड स्थित पैलेस में सोमवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण का अभिषेक 108 तीर्थों के जल से चांदी के कलश में किया जाएगा। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, कीर्तन और कृष्ण कथा का आयोजन होगा। इसके अलावा, बच्चों के लिए पहली बार फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया है, जिसमें बच्चे कान्हा की विभिन्न वेशभूषाओं में सज-धज कर हिस्सा लेंगे। इस्कॉन की विभिन्न शाखाओं से देशभर के भक्त इस उत्सव में सम्मिलित होंगे।













































































