इस्लाम धर्म का सबसे पाक माह शुरू हो चुका है। भारत में रमजान का पहला रोजा 12 मार्च को रखा जाएगा। बता दें कि रमजान मुस्लिम समुदाय का विशेष त्योहार माना जाता है। रमजान में पूरे एक माह का रोजा चलता है। चांद का दीदार होने के साथ ही माह ए रमजान का आगाज हो गया है। सोमवार की शाम चांद दिखते ही उत्सव का माहौल हो गया। घरों में रोजा रखने की तैयारी तेज हो गई। रात से मस्जिदों में तरावीह भी शुरू हो गई है। लोगों ने शहर की अलग-अलग मस्जिदों में कहीं छह, ढाई तो कहीं दो पारा तरावीह सुनी। मुस्लिम समाज के लोग मंगलवार से पहला रोजा रखेंगे। हाजी जैनुल आब्दीन ने बताया कि रमजान का महीना बहुत ही रहमतों व बरकतों का महीना है। इस माह में एक नेकी के बदले 70 नेकियों के बराबर सबाब मिलता है। संवाद सूत्र, गोंडा। रमजान माह शुरू होते ही सेवई का बाजार सज गया है। रंग-बिरंगी सेवई में बनारस की मिठास घुल रही है, जिसके चलते बनारसी सेंवई की मांग बढ़ गई है। इसमें मिलाने के लिए मेवा और खोवा की भी मांग बढ़ गई है। एकता तिराहे पर सजी सेवई की दुकानों पर मुस्लिम ग्राहकों की भीड़ रही। हालांकि, पिछले वर्षों की तुलना में सेवई के दामों में सवा से डेढ़ गुणा की वृद्धि हुई है,फिर भी खरीदारी खूब हो रही है। एकता तिराहे पर सेंवई बेच रहे महमूद आलम ने बताया कि बनारसी किमामी की सेंवई 100 रुपये किलोग्राम बिक रही है जबकि जीरो नंबर की महीन सेंवई 80 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रही है। मोटी सेंवई की भी खूब मांग है।