पुलिस ने भैंस लूटकर किसान को गोली मारने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर भेजा जेल
उझानी | कोतवाली क्षेत्र के गाँव में गत अगस्त माह में अज्ञात चोरों द्वारा अलग – अलग स्थानों से दो भैंस लूटकर एक किसान को गोली मारकर घायल करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया । अभियुक्त के कब्जे से एक देशी तमंचा व कारतूस बरामद हुए हैं। अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस ने एक भैस भी बरामद की है। कानूनी कार्रवाई के बाद पुलिस ने पकडे गए अभियुक्त को जेल भेजा है। पुलिस वहीं उसके साथियों की तलाश में जुटी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव बुटला बोर्ड में गत 24.25/8/2022 की मध्य रात्रि अज्ञात चोर बुटला बोर्ड निवासी किसान विजेंद्र पुत्र रामचन्द्र के घर के बाहर बंधी भैंस लूटकर ले जाने लगे । भैंस ले जाते देख जब किसान ने विरोध किया तो उसके पैर में गोली मारकर घायल कर भैंस लूट ले गए । इससे पहले अज्ञात चोरों ने बुटला दौलत मंदिर के पास बंधी एक भैंस चोरी की । जाग होने पर चोरों ने तमंचे दिखाकर ग्रामीणों को चुप करा दिया । घायल किसान विजेंद्र पुत्र रामचन्द्र की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर उनकी तलाश में जुट गई ।
सोमवार की रात प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार के नेतृत्व में अपराध की रोकथाम व वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान एस०आई विजय सिंह हमराह कां० अतेंद्र, कां० अनुज धामा, कां० कुलदीप कुमार, कां० आलोक राठी ने संदिग्धावस्था में वितरोई मोड पर बने यात्री शेड से एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया । पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम दिनेश सिंह पुत्र भूरे सिंह निवासी ग्राम बक्सर थाना सहसवान बताया । अभियुक्त के कब्जे से पुलिस ने एक 315 बोर का तमंचा व दो कारतूस बरामद किये है। पुलिस ने पकड़े गए अभियुक्त से जब कड़ाई से पूछताछ की तो अभियुक्त ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसने अपने साथी उमेश, दुर्वेश उर्फ झगडू पुत्र बाबूराम और गुडडू उर्फ हरीश पुत्र महीपाल निवासी ग्राम बक्सर के साथ मिलकर 24/25 अगस्त की मध्यरात्रि को उझानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बुटला दौलत मंदिर के पास से एक भैंस चोरी की । जब वहां जाग हो गई तो हम लोग भैंस चुराकर वहां से भाग गये । उसके बाद हम लोगों ने ग्राम बुटला बोर्ड पर एक किसान के घर के बाहर बंधी भैंस चोरी की । भैस खोलते समय किसान जाग गया तो मैंने और मेरे साथी उमेश ने फायर कर दिया जिससे किसान के पैर में गोली लगी थी और हम लोग दोनों भैसे लेकर फरार हो गये ।पूछताछ में अभियुक्त दिनेश सिंह ने बताया कि हमारे साथी बब्लू पुत्र ओम सिंह व कर्रु उर्फ राकेश पुत्र कुंवरपाल निवासी ग्राम बक्सर थाना सहसवान की ननिहाल ग्राम बुटला दौलत में है। इन दोनों ने पहले बुटला दौलत और बुटला बोर्ड में जाकर भैंस बंधने की जगह और वहां से बाहर निकलने का रास्ता हमें बताया । पूछताछ में बताया कि हम चारों अपने गाँव के मुन्नालाल पुत्र राजू की पिकअप गाड़ी नं० UP24H 5094 से इन दोनो भैस लूटकर ले गए | पुलिस पूछताछ में अभियुक्त दिनेश सिंह ने बताया कि यह सारी प्लानिंग थाना मुजरिया क्षेत्र के ग्राम पालपुर निवासी कर्रु, बब्लू, राहुल पुत्र रामखिलाडी और रवि पुत्र नत्थू करते हैं । पकड़े गए अभियुक्त ने बताया कि वह और उमेश, दुर्वेश व गुडडू घटना को अंजाम देते हैं। पुलिस ने पकड़े गए अभियुक्त की निशानदेही पर एक भैंस बरामद की है। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई के बाद अभियुक्त को जेल भेजा है। पुलिस फरार अभियुक्तों की तलाश में जुटी है।













































































