बदायूं। शहर के संस्कृत महाविद्यालय वेदामऊ वैदिक विद्यापीठ के प्रांगण में संस्कृत महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं को स्मार्टफोन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के संस्थापक आचार्य वेदव्रत आर्य ने की। कार्यक्रम संयोजक महाविद्यालय के प्राचार्य वेदमित्र आर्य तथा संचालन वेदवीर आर्य ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार का प्रमुख लक्ष्य है सबका साथ, सबका विकास एवं सबका विश्वास। इसी आधार पर प्रदेश के सभी पात्र छात्र छात्राओं को स्मार्टफोन वितरित किए जा रहे है। मेरा छात्रों से अनुरोध है कि वे शासन द्वारा प्रदेश की इस योजना का लाभ उठाएं और अपने जीवन को उन्नति के पथ पर अग्रसर करें। इस स्मार्टफोन का अपने जीवन में सदुपयोग करें तथा इसके दुरुपयोग से पूर्णतया बचें।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के पूर्व प्रवक्ता आचार्य राधेश्याम अवस्थी ने अपना सम्बोधन संस्कृत में किया।