उझानी में अज्ञात ट्रैक्टर ट्राली ने कार में मारी टक्कर कांवडिये की मौत, भतीजा घायल, मचा कोहराम
उझानी । सावन माह में माँ भागीरथी कछला गंगा घाट से जल भरकर लौट रहे कार सवार कांवडिये को ट्रैक्टर-ट्राली ने टक्कर मार दी जिससे कार में सवार कांवडिया व उसका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया ।घायल कांवडिये व भतीजे को उझानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया जहां कांवरिये की हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल अस्पताल रैफर कर दिया । अस्पताल ले जाते समय कांवडिये की मौत हो गई। वहीं चिकित्सको ने घायल भतीजे का प्राथमिक उपचार किया ।मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है ।
रविवार को बदायूं के थाना सिविल लाइन क्षेत्र के दुर्गा कॉलोनी निवासी जितेंद्र कुमार वर्मा (39) पुत्र स्वर्गीय विवेक कुमार वर्मा थाना उझानी क्षेत्र के कस्बा कछला में स्थित माँ भागीरथी गंगा घाट पर परिवार के साथ अपनी बैगनार कार द्वारा जल भरने गये थे । रात दस बजे के समीप जब वह गंगा से जल भरकर लौट रहे थे तभी बदायूं – मथुरा हाइवे पर ग्राम छतुईया के समीप उन्हें अज्ञात ट्रैक्टर – ट्राली ने टक्कर मार दी । जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गये वहीं उनका भतीजा अंश वर्मा चोटिल हो गया । सूचना पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस द्वारा घायल कांवडिये व उनके भतीजे को उझानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया जहां चिकित्सको ने कांवडिये की हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज नौशेरा रैफर कर दिया वहीं चोटिल भतीजे का प्राथमिक उपचार किया । राजकीय मेडिकल कॉलेज नौशेरा उपचार को ले जाते समय रास्ते में कांवडिये जितेंद्र वर्मा की मौत हो गई । कांवडिये की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। मृतक के भाई धर्मेंद्र ने अज्ञात ट्रैक्टर – ट्राली के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया है। कांवडिये की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।













































































