बदायूं। जिलाधिकारी दीपा रंजन ने समस्त आहरण-वितरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि वित्तीय वर्ष 2021-22 समाप्ति पर है । माह मार्च में कोषागार में बिल पारण हेतु देयकों की संख्या अत्यधिक मात्रा में रहती है, जिस कारण माह के अन्तिम दिनों में ई-कुबेर (सेन्ट्रल सर्वर) पर अत्यधिक भार बढ़ जाने के कारण उसकी गति धीमी हो जाती है, जिससे देयकों के समयान्तर्गत भुगतान करने में बाधा उत्पन्न होती है एवं बजट के कालातीत/व्यपगत होने की सम्भावना बढ़ जाती है। इस स्थिति को नियन्त्रण में रखने हेतु जनपद के समस्त आहरण वितरण अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने विभाग से सम्बन्धित वित्तीय वर्ष 2021-22 में अद्यतन प्राप्त बजट के भुगतान हेतु देयक कोषागार में प्रत्येक दशा में 15 मार्च , 2022 तक अवश्य प्रस्तुत कर दें। दिनांक 16 मार्च 2022 से उन्हीं देयकों को कोषागार द्वारा स्वीकार किया जायेगा जिनका बजट आवंटन 15 मार्च , 2022 या उसके उपरान्त प्राप्त हो। बजट लैप्स होने की दशा में सम्बन्धित आहरण वितरण अधिकारी का पूर्णरूप से उत्तरदायित्व होगा। समस्त आहरण वितरण अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने विभाग से संबंधित समस्त देयक समय से उपरोक्तानुसार कोषागार में प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें ताकि समयान्तर्गत उनका पारण कर ई – पेमेण्ट के माध्यम से भुगतान किया जा सके।