पुलिस ने टेंपो में चोरी की भैंस लाद रहे दो लोगों को गिरफ्तार , तीन फरार, तमंचा कारतूस भी बरामद
सहसवान। कोतवाली पुलिस ने टेंपो में चोरी की भैंस लाद रहे दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया जबकि तीन लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस को आरोपितों के पास से तमंचा कारतूस भी बरामद हुए। पुलिस का दावा है कि आरोपितों ने भैंस चोरी के प्रयास में किशोर को गोली मारने की वारदात भी कबूल की है। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपितों को जेल भेज दिया।
कोतवाल संजीव शुक्ला ने बताया कि सोमवार रात एसआई प्रमोद कुमार, कां0 राम कुमार, विजय, रविन्द्र, प्रियांशु, प्रभात कुमार गश्त कर रहे थे। गांव सिलहरी के पास टेंपो में भैंस लाद रहे पांच लोग पुलिस टीम को देख कर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर दो लोगों को पकड़ लिया जबकि तीन लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस को आरोपितों के कब्जे से चोरी की भैंस, टेंपो, नाजायज तमंचा और कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में पकड़े गये आरोपितों ने अपने नाम दुर्गेश निवासी गांव बक्सर थाना सहसवान, हंसपाल निवासी गांव कूबरी काम सहाय की मढैयां थाना उघैती और फरार लोगों के नाम उमेश, गुड्डू निवासी गांव बक्सर, नेहनू निवासी कुंआगांव थाना अकराबाद जनपद अलीगढ बताए। पुलिस के मुताबिक आरोपितों के पास से बरामद भैंस जमालपुर पीयरी निवासी रामहरि के यहां से चोरी की गई थी। साथ ही आरोपितों ने 10-11 नवम्बर की रात चंदनपुर गांव में भैंस चोरी के प्रयास के दौरान किशोर को गोली मारने की वारदात भी कबूल की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों को जेल भेज दिया। बता दें कि 10-11 नवम्बर की रात कोतवाली क्षेत्र के गांव चंदनपुर में भैंस चोरी के प्रयास के दौरान टोकने पर 13 वर्षीय किशोर संजय को गोली मार कर घायल कर दिया गया था। इस मामले में घायल संजय के पिता देवेन्द्र सिंह ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। कोतवाल संजीव शुक्ला का कहना था कि फरार आरोपितों की तलाश की जा रही है।













































































