बिल्सी। नगर के मोहल्ला संख्या आठ साहबगंज और कालेज रोड के मध्य से होकर गुजरने वाले बिजनौर-बदायूं हाइवे पर पूरे दिन जाम की समस्या की स्थिति बनी रहती है। जिसका मुख्य कारण बिल्सी में बाईपास का न होना है। इससे यहां के लोगों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बताते है कि लोगों ने इस समस्या को लेकर कई बार क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपे है। बावजूद इसके आज तक इस ओर किसी भी जनप्रतिनिधि ने इस समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दिया है। जनता से चुनाव का समय नजदीक आते ही नेता इस ओर से ध्यान भटका कर इसे जल्द बनवाने का झूठा दिलासा देकर वोट लेकर चुनाव जीतने के बाद भूल जाते है। नगर के प्रशांत जैन, अमन गुप्ता, सीताराम गुप्ता, अरमान कुरैशी, रामसेवक माहेश्वरी, शरीफ सैफी, अरुण तिवारी, गोपाल गुप्ता, कुंवरपाल वार्ष्णेय, रामौतार वार्ष्णेय, ओमबाबू सक्सेना, सिपट्टर सिंह, रणधीर माथुर, ओमप्रकाश सागर आदि ने दिधौनी पैट्रॉल पंप से मध्य से होकर गुजरने वाले पूर्व प्रस्तावित बाईपास मार्ग का अतिशीघ्र निर्माण कराए जाने की मांग की है। ताकि क्षेत्र की जनता को जाम की समस्या से निजात मिल सके।