बिल्सी। कोतवाली क्षेत्र के गांव सतेती चूरा पट्टी में आज मंगलवार की सुबह एक खेत की ट्रैक्टर में लगे रोटर-वेटर से जुताई करते समय पीछे बैठी एक बालिका उसमें गिरकर फंस गई। जिसकी इलाज के दौरान जिला अस्पताल में दर्दनाक मौत हो गई। जिसके बाद उसके परिवार के लोगों में कोहराम मच गया है। मिली जानकारी के मुताबिक गांव सतेती चूरा पट्टी निवासी मुकेश कश्यप की खेत की जुताई करने के लिए आज मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे गांव के ही निवासी जाबेद अपना ट्रैक्टर में लगे रोटर-वेटर को लेकर उनके घर आएं और मुकेश के घर वालों से खेत की जुताई की बात करने लगे। इस दौरान मुकेश घर पर नहीं था। तो उनकी आठ साल की पुत्री खुशी ट्रैक्टर पर बैठ कर खेत पर चली गई। खेत पर पंहुचते हुए चालक ने खुशी को ट्रैक्टर से उतारे बगैर जुताई करना शुरु कर दी। जैसे ही ट्रैक्टर उबड़-खबड़ जगह में पंहुचा तो खुशी अचानक से ट्रैक्टर से गिर गई और पीछे खेत जोत रहे रोटर-वेटर में वह फंस गई। जैसे ही खुशी दर्द से चिल्लाई तो चालक जाबेद ने खुशी को बाहर निकला। लेकिन तब तक खुशी गंभीर रुप से घायल हो चुकी थी। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। खुशी की मौत के बाद परिवार के लोगों में कोहराम मच गया है।