समस्त मतदेय स्थलों पर बीएलओ उपस्थित रहकर मतदाताओं से प्राप्त करेंगे फार्म
बदायूं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने मतदाता पुनरीक्षण के सम्बंध में कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी में शनिवार को जिला विद्यालय निरीक्षक सहित अन्य सम्बंधित अधिकारियों के साथ मतदाता पुनरीक्षण के सम्बंध में बैठक आयोजित की।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने अवगत कराया कि कार्यक्रम के अनुसार दिनांक 01-11-2021 को जनपद के अन्तर्गत आने वाले सभी 06 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों 112-बिसौली (अ0जा0), 113-सहसवान, 114-बिल्सी, 115-बदायूँ, 116-शेखूपुर तथा 117-दातागंज के सभी मतदेय स्थलों (कुल 2731 मतदेय स्थल/1734 मतदान केन्द्र) पर आलेख्य निर्वाचक नामावलियों का प्रकाशन किया जायेगा। बीएलओ (बूथ लेविल आफिसर) द्वारा पुनरीक्षण अवधि के दौरान दिनांक 01-11-2021 से 30-11-2021 तक की अवधि में मतदाता सूची का घर-घर जाकर सत्यापन किया जायेगा।
इस पुनरीक्षण कार्यक्रम के अन्तर्गत आयोग द्वारा 04 विशेष अभियान तिथियां दिनांक 07-11-2021 (रविवार), 13-11-2021 (शनिवार), 21-11-2021 (रविवार) तथा 27-12-2020 (शनिवार) निर्धारित की गई हैं। इस विशेष अभियान तिथियों में जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर बीएलओ उपस्थित रहकर मतदाताओं से फार्म-6, 7, 8, 8क प्राप्त करेंगे।
उन्होंने सभी पात्र व्यक्तियों जिनकी आयु दिनांक 1-1-2022 को 18 वर्ष या उससे अधिक है और उनका नाम निर्वाचक नामावली में पंजीकृत नहीं है, उनसे अपील की है वे अपना नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित कराने हेतु आवेदन प्रारूप-6 में आयु/जन्मतिथि व निवास से सम्बन्धित उपयुक्त प्रमाण-पत्र सहित उपरोक्त विशेष अभियान तिथियों में अपने मतदेय स्थल पर बीएलओ को, तहसील कार्यालय या जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा कर सकते हैं। इसके साथ ही नाम कटवाने हेतु फार्म-7 एवं संशोधन हेतु फार्म-8 भरकर जमा किये जा सकते हैं। इस विशेष अभियान तिथियों में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं जिला स्तरीय उच्चाधिकारियों द्वारा भी मतदेय स्थलों का औचक निरीक्षण किया जायेगा।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01-01-2022 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम दिनांक 01-11-2021 से आरम्भ हो रहा है जिसके अनुसार दिनांक 01-11-2021 को निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन किया जायेगा, तथा उक्त अभियान के अन्तर्गत दिनांक 30-11-2021 तक दावे आपत्तियां प्राप्त किये जायेंगे। पुनरीक्षण कार्यक्रम के अन्तर्गत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की एकीकृत निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन दिनांक 01 नवम्बर, 2021 (सोमवार) को, दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि दिनांक 01 नवम्बर, 2021 (सोमवार) से दिनांक 30 नवम्बर, 2021 (मंगलवार) तक, विशेष अभियान तिथियां 07 नवम्बर, 2021 (रविवार), 13 नवम्बर, 2021 (शनिवार) 21 नवम्बर, 2021 (रविवार) एवं 27 नवम्बर, 2021 (शनिवार), दावे/आपत्तियों का निस्तारण दिनांक 20 दिसम्बर, 2021 (सोमवार) तक, निर्वाचक नामावलियों का अन्तिम प्रकाशन दिनांक 05 जनवरी, 2022 (बुधवार) को होगा।













































































