बदायूं। प्रेमी युगल को पुलिस ने इलाकाई लोगों की सूचना पर शहर के जवाहरपुरी इलाके में स्थित किले में पकड़ लिया। छात्रा बुलंदशहर की रहने वाली है जबकि युवक शहर के सोथा मोहल्ला का निवासी है। पूछताछ के बाद पुलिस दोनों को थाने ले गई वहां छात्रा के परिजन बुलाए गए और उन्हें छात्रा को सुपुर्दगी में दे दिया गया। वहीं युवक के खिलाफ पुलिस ने शांति भंग की कार्रवाई की है। शुक्रवार को पुलिस को कुछ लोगों ने सूचना देकर बताया कि जवाहरपुरी मोहल्ले में स्थित रोजा इखिलास खां में एक युगल काफी देर से बैठा है और आपत्तिजनक हरकतें कर रहा है। पुलिस मौके पर पहुंची और युगल को पकड़ लिया। शुरुआत में दोनों अपना नाम पता बताने से गुरेज कर रहे थे लेकिन थाने लाकर पूछताछ में छात्रा ने बताया कि वह बुलंदशहर की रहने वाली है और कुछ दिन दिल्ली में पढ़ने गई थी। वहां इसकी दोस्ती बदायूं के इस युवक से हो गई और दोनों फोन पर बात करने लगे। युवक ने उसे बदायूं बुलाया तो वह घर से कॉलेज जाने के बहाने निकली और बस में बैठकर सीधे बदायूं आ गई। पुलिस ने छात्रा के परिवारों के लोगों को भी यहां बुला लिया। परिजनों ने किसी भी तरह की कार्रवाई से इंकार किया। बताया जाता है कि छात्रा और युवक अलग पक्षों से हैं। नतीजतन पुलिस ने छात्रा को उसके परिवार वालों की सुपुर्दगी में दिया है। जबकि आरोपी युवक के खिलाफ शांति भंग की कार्यवाही की गई है। इंस्पेक्टर आरके तिवारी ने बताया कि आपसी सहमति से मामला निपट गया है।