मिशन शक्ति के अंतर्गत स्वरचित काव्यपाठ प्रतियोगिता सम्पन्न,समीक्षा रही प्रथम
बदायूं।आवास विकास स्थित राजकीय महाविद्यालय बदायूं में चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तृतीय चरण के अंतर्गत छात्राओं के मध्य स्वरचित काव्य पाठ की प्रतियोगिता कराई गई, जिसमें प्रथम स्थान समीक्षा यादव को प्राप्त हुआ। दूसरे स्थान पर कुमारी सान्या गुप्ता रहीं तथा तीसरा स्थान कुमारी ज्योति यादव को मिला।

राष्ट्रीय सेवा योजना एवं महिला प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में चल रहे मिशन शक्ति कार्यक्रम का संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ बबिता यादव एवं रेंजर लीडर डॉ बरखा ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यवाहक प्राचार्य डॉ अंशु सत्यार्थी ने किया।

प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रही छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए डॉ सत्यार्थी ने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा के बल पर महिलाओं को स्वावलंबी बनना है। इसके लिए हम सभी को अपने हृदय के अंदर उत्साह और संकल्प सिद्धि का भाव लाना होगा।राष्ट्रीय सेवा योजना के नोडल अधिकारी डॉ राकेश कुमार जायसवाल ने कहा कि मिशन शक्ति का अभियान अनवरत चलता रहेगा।उन्होंने कहा कि छात्राओं को सही मार्गदर्शन देकर उनके शोषण मुक्त स्वावलंबन से युक्त गरिमामयी भविष्य का निर्माण करने की दिशा में प्रयास करना हम सभी का कर्तव्य है। राजनीति विज्ञान के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ दिलीप कुमार वर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में नारी के सम्मान और स्वाभिमान के प्रति समाज के दृष्टिकोण में परिवर्तन हो रहा है,लेकिन यह परिवर्तन पूर्णता की अवस्था को प्राप्त नहीं कर रहा,इसकी पूर्णता ही मानव समाज के सभ्यता का नया स्वरूप निर्धारित करेगी। रेंजर लीडर डॉ बरखा ने कहा कि कविता समाज को जागृत करने का एक सशक्त माध्यम है। छात्राएं इस माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर सकती हैं। कार्यक्रम के अंत में अंग्रेजी विभाग की प्रभारी डॉ ज्योति विश्नोई ने सभी के प्रति आभार ज्ञापित किया।














































































