लक्षणों की न करें अनदेखी: डीएम
बदायूं।डीएम ने अपील की है कि घरों के आसपास पानी न होने दें। घरों के अंदर व बाहर सफाई का विशेष ध्यान रखें। समय-समय पर अपनी जांच करवाएं। उन्होंने बताया कि मलेरिया व अन्य प्रकार की जांचें व उपचार सरकारी अस्पतालों में मुफ्त उपलब्ध है। कोरोना के साथ मौसमी बीमारियों से भी बचाव करना होगा। डेंगू, मलेरिया और अन्य मौसमी बीमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता को कमजोर करती हैं। इसलिए लोगों को अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है। लक्षणों की अनदेखी न करें। मच्छर से बचाव के लिए पूरा शरीर ढकने वाले कपड़े पहनें। पानी और तरल पदार्थ का अधिक सेवन करें। घर की छत पर रखे गमले, बेकार बर्तन, टायर में पानी एकत्र न होने दें। फ्रिज के पीछे लगी ट्रे में एक सप्ताह से अधिक पानी एकत्र न होने दें।
शनिवार को जिलाधिकारी दीपा रंजन ने कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में प्रेस वार्ता कर अवगत कराया कि जनपद के समस्त 15 ब्लॉकों में प्रतिदिन हेल्थ कैंप (पांच प्रभावित इलाकों में प्रतिदिन दो हेल्थ कैंप व 10 और प्रभावित ब्लॉकों में प्रतिदिन एक) हैल्थ कैंप आयाजित कर बुखार के रोगियों को चिन्हित करते हुए उनकी आरडीटी/ब्लड स्लाइड्स के माध्यम से जांच कराकर आमूल उपचार प्रदान कराया जा रहा है। वर्ष 2020 में मलेरिया पीएफ धनात्मक पाए गए 1706 रोगियों की इस वर्ष पुनः रक्तपट्टिकाएं बनाकर उनकी मलेरिया की जांच कराई गई, जिनमें कोई भी धनात्मक रोग नहीं पाया गया। जनपद के मलेरिया प्रभावित 05 ब्लॉकों के 268 ग्रामों में डीडीटी छिड़काव कराया जा रहा है। जनपद में मलेरिया प्रभावित 05 ब्लॉकों के 341 ग्रामों में एलएलआईएन मच्छरदानी का वितरण कराया जाना था, जिनमें से 340 ग्रामों में एलएलआईएन का वितरण कराया जा चुका है। जनपद में मलेरिया पीएफ धनात्मक पाए जाने में संबंधित क्षेत्र में लार्विसाइडल स्प्रे, सोर्स रिडक्शन बैक्टर मॉनिटरिंग आदि का कार्य कराया जा रहा है तथा संबंधित ग्राम में हेल्थ कैंप आयोजित कराकर बुखार के रोगियों को चिन्हित कराते हुए उनकी आरडीटी/ब्लड स्लाइड के माध्यम से जांच कराते हुए उपचारित किया जा रहा है। आशाओं/फील्ड वर्कर्स के माध्यम से नियमित रूप से मलेरिया धनात्मक रोगियों का फॉलोअप कराया जा रहा है। जनपद के कुल 61 तालाबों में गमबुसिया मछलियां छोड़ी गई है। जनपद के कुल 100 ग्रामों में एम्बेड परियोजना के अंतर्गत जलभराव वाले स्थानों को चिन्हित करते हुए जल निकासी/ऑलफिल्मिंग का कार्य कराया जा रहा है। 07 से 16 सितंबर 2021 तक जनपद में ज्वर पीड़ित कोविड के लक्षणयुक्त व्यक्ति क्षय रोग के लक्षणयुक्त व्यक्ति नियमित टीकाकरण के छूटे हुए बच्चे व 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में कॉविड टीके की पहली खुराक ना प्राप्त करने वाले व्यक्तियों का सर्वेक्षण कराया जाएगा।














































































