युवाओं को सेवा कार्यों में आगे आकर समाजहित में योगदान देना चाहिए : बीएल वर्मा
बदायूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत बुधवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूं में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य, एमएलसी प्रतिनिधि शारदेन्दु पाठक, जिलाधिकारी अवनीश राय, मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला एवं मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. शिव कुमार ने फीता काटकर किया। इस दौरान अतिथियों ने रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनका सम्मान किया।
केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का श्रेष्ठ माध्यम है। रक्तदान के जरिए किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से सेवा कार्यों में आगे आने और समाजहित में अपना योगदान देने का आह्वान किया। भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि सेवा भाजपा की कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से जिलेभर में विभिन्न सेवा कार्यों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और सहयोग का संदेश पहुंचाया जा सके। सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को ऐसे पुनीत कार्यों में आगे बढ़कर सहभागी बनना चाहिए। रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ अधिक से अधिक लोगों को नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता है। बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि सेवा और सहयोग की भावना समाज को मजबूत बनाती है। रक्तदान शिविर के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आमजन ने मानवता की सेवा का संदेश दिया है। उन्होंने लोगों से जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा आगे रहने का आह्वान किया। पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान जनसेवा को समर्पित है। रक्तदान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना भी इस अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि सेवा के कार्यों से समाज में सहयोग और संवेदना की भावना मजबूत होती है। शिविर में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के साथ चिकित्सक, मेडिकल कॉलेज का स्टाफ तथा बड़ी संख्या में रक्तदाता मौजूद रहे। रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
















































































