बरेली। थाना सीबीगंज क्षेत्र के ग्राम परधौली में मंगलवार सुबह सड़क किनारे गोवंश के अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया। अवशेष देखकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों के अनुसार, गांव निवासी यशपाल गंगवार पुत्र स्व. मुरारी लाल का गोवंश बीती रात खूंटे से खोलकर चोरी कर लिया गया था। सूचना पर अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष अमित कुमार गंगवार और राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष रोहित गंगवार कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद सीओ नितिन कुमार और एसओ विनोद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पशु चिकित्सकों की टीम ने अवशेषों का परीक्षण किया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में उनका धार्मिक रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार कराया गया। राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष रोहित गंगवार ने थाने में तहरीर देकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन और चक्का जाम किया जाएगा। सीओ नितिन कुमार ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। एसओ ने बताया कि पुलिस टीमें जांच में जुटी हैं और आसपास के रास्तों व संदिग्धों की जानकारी जुटाई जा रही है। मौके पर विजय मौर्य, शिवा राठौर, रिंकू कश्यप, चन्देश राजपूत, अंशू कश्यप, देवेंद्र सिंह समेत ग्रामीण मौजूद रहे।