बरेली। थाना आंवला क्षेत्रान्तर्गत ग्राम डरुआ स्थित अरिल नदी के रपटा पुल को एक बाइक पर सवार तीन अज्ञात व्यक्ति पार कर विशारतगंज की ओर जाने का प्रयास कर रहे थे। नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण तीनों व्यक्ति बाइक सहित नदी के तेज बहाव में बह गए।सूचना प्राप्त होते ही एसएसपी अनुराग आर्य , डीएम अविनाश सिंह ,एसपी उत्तरी अंशिका वर्मा उच्चाधिकारीगण द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। स्थानीय लोगों द्वारा बताया गया कि उक्त तीनों व्यक्ति नशे की हालत में थे तथा उन्हें रपटा पुल पार करने से रोकने का काफी प्रयास किया गया था। घटना की सूचना पर PAC फ्लड टीम, SDRF एवं फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल रेस्क्यू एवं सर्च अभियान शुरू किया गया। रेस्क्यू अभियान के दौरान नदी के तेज बहाव में बही बाइक को बरामद कर बाहर निकाल लिया गया है। नदी में बहे तीनों अज्ञात व्यक्तियों की तलाश हेतु सघन रेस्क्यू एवं सर्च अभियान लगातार जारी है। साथ ही तीनों व्यक्तियों की पहचान एवं उनके नाम-पते की जानकारी प्राप्त करने के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस एवं राहत-बचाव टीमें पूरी तत्परता से रेस्क्यू अभियान में जुटी हुई हैं।