बरेली। थाना इज्जतनगर क्षेत्र के नगरिया कला गांव में मंगलवार सुबह दो पड़ोसियों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान दोनों ओर से लाठियां चलीं, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घटना का किसी व्यक्ति ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। दोनों पड़ोसियों ने थाना इज्जतनगर में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। घायल मुन्ने पुत्र नन्हे ने बताया कि गांव में दरगाह पर मेला लगा हुआ था। सोमवार को मेले में नवीन, वसीम और उबैश के बीच विवाद हो गया था। बाद में मामला शांत हो गया। आरोप है कि मंगलवार सुबह नवीन, वसीम, अनीस और नाजिम ने गाली-गलौज शुरू कर दी। मुन्ने ने इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान लाठियां भी चलीं। मुन्ने के मुताबिक, मारपीट में वह और उनकी पत्नी घायल हो गई । वहीं दूसरे पक्ष की नेहा, शिफा, सना और फिजा के घायल होने की बात सामने आई है। घायलों ने इज्जतनगर थाने पहुंचकर तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया। वहीं दूसरे पक्ष के इम्तियाज ने बताया कि पहले उबैश और दूसरे पक्ष के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान मुन्ने बीच में बोल पड़े। इसी बात को लेकर मंगलवार सुबह दोनों पक्षों में फिर विवाद हो गया और मारपीट शुरू हो गई। लाठी लगने से कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।