बदायू। राजस्थान के गोगामेड़ी धाम से दर्शन कर बदायूं लौट रहे श्रद्धालुओं के लिए रविवार की रात का सफर मौत का सफर बन गया। बागपत जिले में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर बड़ा गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। मृतकों में एक बच्ची भी शामिल बताई जा रही है। हादसे में 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार पिकअप में बदायूं के उझानी कोतवाली क्षेत्र के अल्लापुर, चेतूनगला और कादरचौक क्षेत्र के करीब 32 श्रद्धालु सवार थे। सभी राजस्थान स्थित गोगामेड़ी धाम में दर्शन करने के बाद वापस अपने गांव लौट रहे थे। देर रात बड़ा गांव के पास पहुंचते ही पिकअप अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से जोरदार टक्कर के बाद पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी खेकड़ा और जिला अस्पताल बागपत पहुंचाया गया। गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए दिल्ली के जीटीबी अस्पताल और मेरठ के जिला अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान दो और घायलों की मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या छह पहुंच गई। हादसे की जानकारी मिलते ही बागपत की जिलाधिकारी अस्मिता लाल और पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय देर रात जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों के उपचार की जानकारी ली। अधिकारियों ने चिकित्सकों से घायलों की स्थिति के बारे में जानकारी ली तथा बेहतर उपचार के निर्देश दिए। उधर, हादसे की खबर बदायूं पहुंचते ही अल्लापुर समेत संबंधित गांवों में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांवों में लोगों की भीड़ जुटने लगी है और हर कोई हादसे में अपनों की कुशलता जानने के लिए परेशान नजर आया।