बदायूं। बिल्सी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिरासौल-जसा एवं सिमर्रा भोजपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर भव्य पालकी शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बिल्सी विधानसभा क्षेत्र के विधायक हरीश शाक्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। शोभायात्रा के दौरान ग्रामवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा में सहभागिता की। इस अवसर पर विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि इस तरह के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी प्राचीन भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सभ्यता, संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों से क्षेत्र में आपसी भाईचारा, प्रेम और बेहतर तालमेल मजबूत होता है। साथ ही समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।