बदायूं में ओरिएंटल इंश्योरेंस ने खोले दो एजेंट एक्सप्रेस डिजिटल कॉर्नर
बदायूं। ग्राहकों को बीमा सेवाएं उनके निकट उपलब्ध कराने और डिजिटल माध्यम से त्वरित एवं सुगम सेवा देने की दिशा में ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड, क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ की ओर से बदायूं में दो एजेंट एक्सप्रेस डिजिटल कॉर्नर का शुभारंभ किया गया। दोनों केंद्रों के माध्यम से स्थानीय ग्राहकों को बीमा संबंधी सेवाएं और मार्गदर्शन उनके निकट ही उपलब्ध कराया जाएगा।
बदायूं में पहले एजेंट एक्सप्रेस डिजिटल कॉर्नर का शुभारंभ बीमा अभिकर्ता मुदस्सिर अली खान ने किया। केंद्र का उद्घाटन कंपनी के उप महाप्रबंधक दीपक मित्तल एवं क्षेत्रीय प्रबंधक आदित्य वैद ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ के सहायक प्रबंधक शिखर सक्सेना, बदायूं शाखा की शाखा प्रबंधक इरम खान सहित अन्य गणमान्य लोग और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम की खास उपलब्धि यह रही कि डिजिटल केंद्र के उद्घाटन के साथ ही ऑनलाइन पोर्टल माध्यम से पहली बीमा पॉलिसी तत्काल जारी की गई। इससे डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए बीमा सेवाओं की आसान और त्वरित उपलब्धता का प्रदर्शन हुआ।
इसी क्रम में दूसरा एजेंट एक्सप्रेस डिजिटल कॉर्नर बीमा अभिकर्ता संतोष दूआ द्वारा शुरू किया गया। इस केंद्र के जरिए ग्राहकों को बीमा संबंधी जानकारी, पॉलिसी और अन्य सेवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधा मिल सकेगी।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और संभावित बीमा अभिकर्ताओं ने सहभागिता की। कंपनी के अधिकारियों ने लोगों को अभिकर्ता एवं प्वाइंट ऑफ सेल्स पर्सन के रूप में बीमा क्षेत्र से जुड़ने के अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को बीमा सेवाओं के विस्तार में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया।
शाखा कार्यालय में अधिकारियों का हुआ स्वागत
कार्यक्रम के उपरांत जोगीपुरा स्थित ओरिएंटल इंश्योरेंस के शाखा कार्यालय में पहुंचे अधिकारियों का शाखा कार्यालय की ओर से शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर कंपनी के अधिवक्ता अनुराग शर्मा, राजेंद्र अनेजा, हसीब हसन, गौरव अनेजा तथा सर्वेयर सिद्धार्थ वर्मा के अलावा सभी अभिकर्ता, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कंपनी अधिकारियों ने कहा कि बदायूं में दो डिजिटल सेवा केंद्रों की शुरुआत से बीमा सेवाओं की पहुंच बढ़ेगी और ग्राहकों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधा मिल सकेगी। साथ ही इससे बीमा क्षेत्र में रोजगार एवं व्यवसाय के नए अवसरों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
















































































