बदायूँ। लॉर्ड कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया गया। भारत के महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए विभिन्न रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का शुभारंभ तिलक समारोह एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई। विद्यार्थियों ने ग्रुप डांस, सिंगिंग और सोलो डांस की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। शिक्षकों के लिए आयोजित ‘गेस द ब्रांड’, ‘टंग ट्विस्टर’ और ‘वर्ड चेन’ जैसे मनोरंजक खेलों ने कार्यक्रम में हंसी-खुशी और उत्साह का रंग भर दिया। पुरुष एवं महिला शिक्षकों की रैंप वॉक भी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही। इसके बाद टीचर्स टाइटल्स एवं कार्ड वितरण समारोह में शिक्षकों को विशेष उपाधियां एवं कार्ड प्रदान किए गए। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को विजेता घोषित किया गया। रैंप वॉक में प्रशांत सर ने ‘मिस्टर हैंडसम’ और हिमानी मैम ने ‘मिस ब्यूटीफुल’ का खिताब हासिल किया। वर्ड चेन में हिमानी मैम विजेता रहीं। गेस द ब्रांड में अनिता मैम, इशिका मैम, कुशाग्र सर, प्रज्ञा मैम और सौम्या सर ने बाजी मारी, जबकि टंग ट्विस्टर में शालिनी मैम विजेता रहीं। इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन वेदव्रत त्रिवेदी, वाइस चेयरमैन तेजस्व त्रिवेदी, निदेशिका छवि शर्मा व रीता शर्मा, शैक्षिक निदेशक देवव्रत त्रिवेदी तथा प्रधानाचार्य दीपक त्यागी ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की और सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।