बदायूं। शिक्षक दिवस के अवसर पर होपयूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में ग्राम पड़ौआ स्थित डॉ. बी.आर. आंबेडकर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षकों को पुष्प, कलम एवं मिठाई भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान शिक्षकों के शिक्षा, संस्कार एवं राष्ट्र निर्माण में दिए जा रहे महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की गई। संस्था के निदेशक डॉ. कृष्णा सिंह एवं सह निदेशक राधेश्याम ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। डॉ. कृष्णा सिंह ने कहा कि शिक्षक समाज निर्माण की मजबूत नींव हैं। उनके ज्ञान, मार्गदर्शन और समर्पण से विद्यार्थियों का भविष्य उज्ज्वल बनता है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना को बढ़ावा देना आवश्यक है। समारोह का उद्देश्य शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं आभार की भावना को बढ़ावा देना तथा समाज में शिक्षा के महत्व का संदेश देना रहा। संस्था की ओर से बताया गया कि होपयूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।