बरेली। जिले में लगातार कई दिनों से हो रही बारिश के बाद बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। बहेड़ी, मीरगंज, फरीदपुर, आंवला और आसपास के नदी किनारे क्षेत्रों में पानी खेतों तक पहुंच गया है। हालांकि प्रशासन के अनुसार फिलहाल किसी गांव या घर में बाढ़ का पानी नहीं घुसा है और स्थिति नियंत्रण में है।पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण किच्छा, धौरा और अन्य नदियों का जल रामगंगा में पहुंच रहा है, जिससे नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बहेड़ी तहसील में किच्छा नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। एसडीएम गोपाल शर्मा देर रात ट्रैक्टर से संवेदनशील इलाकों में पहुंचे और नदी किनारे बसे गांवों का निरीक्षण किया। चौकीदारों और मुनादी के माध्यम से लोगों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर बाढ़ तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में एसएसपी, एसडीएम, सीओ, एसएचओ, तहसीलदार, कानूनगो और लेखपाल मौजूद रहे। डीएम ने सभी अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। जिले में बाढ़ से निपटने के लिए 49 बाढ़ चौकियां सक्रिय कर दी गई हैं। इनमें बहेड़ी में 10, मीरगंज में 14, नवाबगंज में 8, आंवला में 6 और सदर में 5 चौकियां शामिल हैं। इसके अलावा 34 बाढ़ शरणालय भी तैयार किए गए हैं और गांव-गांव बाढ़ सुरक्षा समितियां गठित की गई हैं।रामगंगा नदी का जलस्तर भी बढ़ रहा है। फतेहगंज पश्चिमी के मीरापुर, खजुआई सहित कई गांवों के पास कटान वाले क्षेत्रों पर प्रशासन की विशेष नजर बनी हुई है। डीएम ने कहा कि फिलहाल हालात सामान्य हैं, लेकिन नदी किनारे रहने वाले लोगों को पूरी सतर्कता बरतने और जलस्तर बढ़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।