15.78 लाख की लागत से बनी सीसी सड़क व नाली का पालिकाध्यक्ष फात्मा रजा ने किया उद्घाटन, जलभराव की समस्या से मिलेगी राहत
बदायूं। नगर पालिका परिषद की ओर से शहर के विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली, पुलिया और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को गति दी जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को नगर पालिका अध्यक्ष फात्मा रजा ने वार्ड नंबर सात में करीब 15 लाख 78 हजार रुपये की लागत से कराए गए सीसी सड़क और नाली निर्माण कार्यों का उद्घाटन किया। निर्माण कार्य पूरा होने पर स्थानीय लोगों ने पालिकाध्यक्ष का आभार जताया।वार्ड नंबर सात की न्यू आदर्श कालोनी में गुडविल वाली गली में आशीष सक्सेना के मकान से अशोक मनसा ब्यूटी पार्लर होते हुए रूपेश चौबे के मकान तक तथा मंदिर वाली गली में सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्य कराया गया है। इस कार्य पर 10 लाख 68 हजार रुपये की लागत आई है। इसी वार्ड में प्रेमकुमार के मकान से सरदार जगदीश सिंह के मकान तक सीसी सड़क और नाली निर्माण पर 5 लाख 10 हजार रुपये खर्च किए गए हैं। दोनों कार्यों की कुल लागत करीब 15 लाख 78 हजार रुपये है।
बताया गया कि क्षेत्र में लंबे समय से सड़क और जलनिकासी की समस्या बनी हुई थी। बारिश के दौरान सड़क पर पानी जमा होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था। जलभराव के चलते स्थानीय लोगों को अपने घरों तक आने-जाने में भी दिक्कत होती थी। क्षेत्रवासियों ने पालिकाध्यक्ष से सड़क और नाली निर्माण की मांग की थी। समस्या को देखते हुए नगर पालिका की ओर से निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरू कराई गई।पालिकाध्यक्ष फात्मा रजा ने बताया कि क्षेत्रवासियों की मांग को गंभीरता से लेते हुए सड़क और नाली निर्माण का एस्टीमेट तैयार कराया गया। इसके बाद नियमानुसार टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य कराया गया। सीसी सड़क के साथ दोनों ओर नाली का निर्माण कराया गया है, जिससे बारिश और घरों से निकलने वाले पानी की निकासी सुचारु रूप से हो सकेगी और जलभराव की समस्या में राहत मिलेगी।उद्घाटन के अवसर पर पालिकाध्यक्ष फात्मा रजा ने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य शहर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना है। सड़क और नाली जैसी सुविधाएं सीधे लोगों के दैनिक जीवन से जुड़ी हैं। इसलिए जिन क्षेत्रों में ऐसी समस्याएं हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बदायूं शहर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने के लिए नगर पालिका की ओर से कार्ययोजना के तहत विकास कार्य कराए जा रहे हैं। सड़क निर्माण के साथ नालियों की व्यवस्था, जलनिकासी, सफाई और सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों पर भी ध्यान दिया जा रहा है। विकास कार्यों का उद्देश्य केवल निर्माण कराना नहीं, बल्कि लोगों को बेहतर और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है।
पालिकाध्यक्ष ने कहा कि चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी नगर पालिका के विकास कार्यों में सहयोग करने तथा सड़क और नालियों को साफ रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की।उन्होंने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य केवल सड़क और नाली बनाना नहीं, बल्कि बदायूं शहर का समग्र विकास करना है। शहर के सभी वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए जा रहे हैं। प्रत्येक वार्ड के लोगों को बेहतर सड़क, जलनिकासी और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पूरा बदायूं उनके लिए एक परिवार है और जनता ने जिस उम्मीद के साथ जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। इस मौके पर सभासद राजीव रायजादा, मुकेश साहू, मोहित सक्सेना, नवैद, अरविन्द राठौर,आशीष सक्सेना, अर्पित सक्सेना, प्रेम कुमार, सरदार जगदीश सिंह, सुरेश चन्द्र तिवारी, मुकेश कुमार मिश्रा, सतीश चन्द्र सक्सेना, राहुल चौधरी, शिवम् गुप्ता, सुमित सक्सेना, रुपेश चौबे समेत कार्यालय अधीक्षक सूर्य प्रकाश सक्सेना, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक मोहम्मद तय्यब, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक केशव गंगवार, निर्माण लिपिक सक्सेना, लिपिक नवैद इकबाल गनी आदि मौजूद थे।
















































































