शिक्षकों के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी समाजवादी पार्टी : शुभलेश यादव
बरेली। समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय, सिविल लाइंस, बरेली में शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर एक महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। पत्रकार वार्ता में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी मो. दानिश अख्तर सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री श्याम लाल पाल द्वारा शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए प्रभारियों की घोषणा कर दी गई है। उन्होंने बताया कि शिव प्रताप यादव को बरेली मंडल के चारों जिलों का प्रभारी बनाया गया है, जबकि कदीर अहमद, संजीव सक्सेना प्रमोद बिष्ट को बरेली जनपद का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव के निर्देशानुसार पूरी मजबूती के साथ शिक्षक एमएलसी चुनाव की तैयारी कर रही है। पार्टी का विशेष जोर अधिक से अधिक शिक्षकों को मतदाता बनवाने के साथ-साथ मतदाता सूची की निष्पक्षता सुनिश्चित कराने पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी पिछले चुनावों में फर्जी मतदाता बनवाकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करती रही है, लेकिन समाजवादी पार्टी इस बार प्रत्येक स्तर पर सतर्क निगरानी रखेगी।
शुभलेश यादव ने कहा कि पुरानी पेंशन योजना शिक्षकों की सबसे बड़ी मांग है, जिसे वर्तमान सरकार लगातार टालती रही है। समाजवादी पार्टी सरकार बनने पर शिक्षकों की पुरानी पेंशन योजना को प्राथमिकता के आधार पर लागू करेगी तथा शिक्षकों के सभी लंबित मुद्दों का सम्मानजनक समाधान करेगी।
शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी मो. दानिश अख्तर ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा शिक्षकों के हितों की सबसे बड़ी संरक्षक रही है। चाहे पुरानी पेंशन का मुद्दा हो, वित्तविहीन शिक्षकों के मानदेय का प्रश्न, नए विद्यालयों की स्थापना या शिक्षकों की नियुक्ति हर संघर्ष में समाजवादी पार्टी शिक्षकों के साथ मजबूती से खड़ी रही है।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व में लगभग एक हजार जूनियर विद्यालयों को अनुदान सूची में शामिल किया गया तथा लगभग 300 संस्कृत विद्यालयों को भी ग्रांट प्रदान कर अनुदानित श्रेणी में लाया गया। इससे हजारों शिक्षकों को आर्थिक सुरक्षा मिली और उनका वेतन सम्मानजनक स्तर तक पहुँचा। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने शिक्षामित्रों को भी सहायक शिक्षक का दर्जा देकर उनके वेतन एवं सम्मान में उल्लेखनीय वृद्धि की थी।
पत्रकार वार्ता में राजेश अग्रवाल ,प्रमोद यादव,जिला कोषाध्यक्ष अशोक यादव, राम प्रकाश (लल्ला), सैफबली खां, अशोक समाजवादी, धर्मेन्द्र लालू, जितेंद्र मुंडे, राम सेवक प्रजापति, भानु प्रताप सिंह, प्रशांत यादव, महेंद्र दिवाकर, आकाश यादव सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।















































































