बरेली। बरेली जनपद के भारतौल निवासी दीपक कुमार गुप्ता यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह के निकट एक व्यापारिक जहाज पर हुए हमले के बाद से लापता बताए जा रहे हैं। परिजनों के अनुसार दीपक तुर्किश कंपनी के एक जहाज पर कार्यरत थे। 25 जुलाई 2026 को जहाज पर हुए हमले के बाद से उनका कोई संपर्क नहीं हो पाया है, जिससे परिवार गहरे सदमे और चिंता में है। दीपक की बहन संध्या ने भारत सरकार, विदेश मंत्रालय और जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की है। उन्होंने मीडिया के माध्यम से अनुरोध किया कि संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर दीपक का जल्द पता लगाया जाए तथा उनकी सकुशल स्वदेश वापसी सुनिश्चित की जाए। साथ ही परिवार को आवश्यक जानकारी और हरसंभव प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है। परिजनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी भावुक अपील करते हुए कहा है कि उन्हें पूरा विश्वास है कि केंद्र और राज्य सरकार इस मानवीय मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाएंगी।