कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट: डीएम-एसएसपी ने नाव से किया कछला घाट का निरीक्षण
बदायूँ। श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। शुक्रवार को जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने संयुक्त रूप से कछला घाट पहुंचकर नाव के माध्यम से गंगा घाट का विस्तृत निरीक्षण किया तथा यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, घाटों की स्थिति, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक व्यवस्था समय रहते पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाए, ताकि कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।जिलाधिकारी अवनीश राय ने निर्देशित किया कि घाट पर पर्याप्त संख्या में लाइफ जैकेट, प्रशिक्षित गोताखोर, प्रभावी पब्लिक एड्रेस सिस्टम, गंगाजल भरने की सुव्यवस्थित व्यवस्था तथा आपदा की स्थिति से निपटने के सभी संसाधन उपलब्ध रहें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरे जनपद को विभिन्न सेक्टर एवं जोन में विभाजित किया गया है, जहां मजिस्ट्रेटों एवं अधिकारियों की तैनाती की गई है। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखेंगे और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करेंगे।डीएम ने यह भी निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग एवं घाटों पर प्रकाश व्यवस्था पूरी तरह सुचारु रहे तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जाए। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने और पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों और कांवड़ यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की असुविधा, सूचना अथवा आपात स्थिति में तत्काल सहायता के लिए कलेक्ट्रेट स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) तथा पुलिस लाइन स्थित कंट्रोल रूम को सक्रिय किया गया है। यहां से यात्रा के दौरान मिलने वाली सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा।निरीक्षण के दौरान जिला सूचना अधिकारी संतोष कुमार सहित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम समय से पूरे कर लिए जाएंगे।















































































