बिसौली।। दमयन्ती राज आनंद राजकीय महाविद्यालय, बिसौली में बुधवार को नवीन सत्र के शुभारम्भ के अवसर पर “दीक्षारम्भ अभिविन्यास कार्यक्रम” का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में स्नातक प्रथम वर्ष एवं स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष में प्रवेशित छात्र-छात्राओं का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।कार्यक्रम का शुभारम्भ महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. सपना भारती ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने अपने संबोधन में छात्र-छात्राओं को अनुशासन, परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष बल दिया जाता है। कार्यक्रम में रासेयो कार्यक्रम अधिकारी एवं भौतिक विज्ञान की सहायक प्रोफेसर डॉ. मंजूषा ने महाविद्यालय की उपलब्धियों, वेबसाइट और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। रासेयो कार्यक्रम अधिकारी एवं वाणिज्य संकाय प्रभारी डॉ. मदन मोहन वार्ष्णेय ने वर्षभर की गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की और छात्रों से अनुशासित रहने की अपील की।नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत विश्व हिन्दू परिषद के श्री अरविंद अग्रवाल ने सभी छात्र-छात्राओं को नशा मुक्त रहने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का सफल संचालन अंग्रेजी विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. पारुल रस्तोगी ने किया। इस अवसर पर श्री सुमित कुमार, कनिष्ठ सहायक सहित समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।