बरेली। थाना बारादरी पुलिस ने वर्ष 2022 में पत्नी की हत्या के मामले में चार वर्षों से फरार चल रहे ₹25 हजार के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी बरेली बाईपास रोड से की गई। पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त 2022 को दर्ज मुकदमे में आरोप था कि नरेश वर्मा उर्फ नरेश चन्द्र वर्मा ने अपनी पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। इस संबंध में थाना बारादरी में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था और गिरफ्तारी से बचने के लिए अपनी संपत्ति बेचकर दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में अलग-अलग स्थानों पर पहचान छिपाकर रह रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने ₹25 हजार का इनाम घोषित किया था। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे अपनी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का संदेह था। इसी शक के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह समय-समय पर अपने अधिवक्ता से मिलने के लिए बरेली आता था। गुरुवार को भी वह अधिवक्ता से मिलने आया था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी की है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक बिजेन्द्र कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिवेन्द्र सिंह भदौरिया, उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार तथा बारादरी पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम शामिल रही।