बिसौली। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के पदाधिकारियों ने गुरुवार को सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) को ज्ञापन सौंपकर सावन माह एवं कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ मार्गों तथा प्रमुख शिव मंदिरों के आसपास मांस, मछली और मदिरा की दुकानों के संबंध में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई एवं उचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित किए जाने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि सावन माह में बड़ी संख्या में शिवभक्त एवं कांवड़ यात्री इन मार्गों से होकर गुजरते हैं। ऐसे में धार्मिक आस्था और श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान बनाए रखने के लिए संबंधित क्षेत्रों में आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाएं की जानी चाहिए। संगठन ने यह भी कहा कि इससे क्षेत्र में शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी सहायता मिलेगी। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद जिला बिसौली के विभाग संगठन मंत्री योगेश पाठक, जिला अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल, जिला मंत्री रोहित, जिला सह मंत्री संजय, जिला उपाध्यक्ष नमन पाराशरी, जिला सह संयोजक करन, प्रखंड अध्यक्ष विनीत शर्मा, प्रखंड उपाध्यक्ष वेद प्रकाश, प्रखंड मंत्री रतन दीप, नगर सह संयोजक लक्ष्य पाराशरी, नगर सह मंत्री मनु शर्मा सहित विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।