बरेली। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक ने त्रिवटीनाथ मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम एवं प्रभारी निरीक्षक प्रेमनगर भी मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर ने मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, पुलिस ड्यूटी प्वाइंट तथा श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक नगर ने मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ बैठक कर श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान संभावित भीड़, श्रद्धालुओं की सुविधा तथा यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सभी से समन्वय बनाकर कार्य करने और किसी भी प्रकार की समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।पुलिस प्रशासन ने कहा कि श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकें।