उझानी के हनुमान गढ़ी मंदिर का बदलेगा स्वरूप, 1.22 करोड़ की परियोजना का शिलान्यास
उझानी। प्रदेश सरकार की ‘वन्दन योजना’ के अंतर्गत नगर के ऐतिहासिक हनुमान गढ़ी मंदिर के भव्य जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण के लिए 1 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से विकास कार्यों का शुभारंभ हो गया। सोमवार सुबह शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार एवं हवन-पूजन के साथ परियोजना का शिलान्यास किया गया।शिलान्यास समारोह में नगर पालिका परिषद की अध्यक्षा श्रीमती पूनम अग्रवाल एवं पूर्व राज्यमंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल ने संयुक्त रूप से विधिवत पूजा-अर्चना कर विकास कार्यों की आधारशिला रखी। अनुष्ठान पंडित महेश चंद्र उपाध्याय एवं पंडित गणेश शर्मा ने संपन्न कराया।
योजना के अंतर्गत मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दो विशाल हॉल बनाए जाएंगे, जिनमें एक भूतल तथा दूसरा प्रथम तल पर होगा। इसके अलावा मंदिर मार्ग का सीएसआर के माध्यम से सौंदर्यीकरण, क्षेत्र में एलईडी युक्त विद्युत पोल स्थापित करने सहित अन्य विकास कार्य भी कराए जाएंगे।अवसर पर पालिका अध्यक्षा पूनम अग्रवाल ने कहा कि “वन्दन योजना केवल विकास की योजना नहीं, बल्कि हमारी आस्था और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का अभियान है। इस परियोजना के पूर्ण होने से उझानी धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा।”पूर्व राज्यमंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल ने कहा कि सरकार ने श्रद्धालुओं की वर्षों पुरानी मांग को पूरा किया है। विकास कार्यों के बाद हनुमान गढ़ी मंदिर जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाएगा।
शिलान्यास कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी मणि जी सैनी, एपीएस इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक नीलांशु अग्रवाल, व्यापारी नेता राजकुमार बंसल, मधुसूदन गोयल एडवोकेट, गोपी वल्लभ शर्मा, स्नेह शर्मा, उदय सिंघल, अरुण अग्रवाल, मंदिर समिति के अध्यक्ष अमित अग्रवाल, अंकित अग्रवाल, धीरज मित्तल, जयपाल धरेजा, आसिम उमर, अनिल तुलस्वान सर्राफ, डॉ. संजीव गुप्ता, प्रवीण शर्मा, अवधेश गोयल, गिरीश चंद्र वार्ष्णेय, नवी अहमद, संजीव आजाद, रोटरी क्लब क्लासिक के अध्यक्ष गौरव गर्ग, नगर पालिका लिपिक राजकुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।















































































