बदायूं। भारतीय लोक प्रशासन संस्थान (आई.आई.पी.ए.) की जिला शाखा, बदायूं के तत्वावधान में शक्ति टेंट हाउस पर शाखा की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शाखा के वार्षिक क्रियाकलापों एवं वार्षिक आय-व्यय विवरण पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही संस्थान के आजीवन सदस्य एवं कोषाध्यक्ष रहे स्वर्गीय वेद प्रकाश गुप्ता के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।बैठक के दौरान उपस्थित सदस्यों ने स्वर्गीय वेद प्रकाश गुप्ता के चित्र पर पुष्प अर्पित किए तथा दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर शाखा के अध्यक्ष अशोक खुराना ने कहा कि जीवन क्षणभंगुर है। उन्होंने कहा, “मिट्टी से ही है बना मानव का यह रूप, मिट्टी में मिल जाएगा रंक होय या भूप।” उनके इस भावपूर्ण संदेश ने उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर दिया।श्रद्धांजलि सभा के उपरांत शाखा के रिक्त कोषाध्यक्ष पद पर नियुक्ति को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया तथा संगठन को और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने पर चर्चा हुई। बैठक में शाखा अध्यक्ष अशोक खुराना, शाखा सचिव एवं सेवानिवृत्त अपर जिलाधिकारी रामवीर सिंह, अपर सचिव डी.के. चड्ढा, रजनी मिश्रा, सुरेंद्र कुमार, सुमित कुमार, स्वर्गीय वेद प्रकाश गुप्ता के पुत्र नितिन प्रकाश गुप्ता, पुत्रवधू जया गुप्ता सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।