बरेली। शहर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है। जी.पी. क्रिकेट अकादमी की ओर से 29 जुलाई से ‘बिग बॉयज लीग’ का आयोजन किया जाएगा। यह क्रिकेट महाकुंभ लगातार 60 दिनों तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन एक मुकाबला खेला जाएगा। सभी मैच डोहरा रोड स्थित निशांत पटेल स्पोर्ट्स हब जी.पी. क्रिकेट अकादमी में अत्याधुनिक फ्लडलाइट्स की रोशनी में आयोजित होंगे। टूर्नामेंट में कुल आठ टीमें भाग लेंगी। इनमें गज ग्रीन चैलेंजर्स, ए.एस. डायमंड्स, हैप्टिंग बरेली क्रिकेट क्लब एच.बी.सी.सी. , राइजिंग टाइटंस, बरेली सृजनी सुपरकिंग्स, पावर स्ट्राइकर्स, जे.पी. राइजिंग स्टार और एस.एम.सी. ग्लोबल फाइटर्स शामिल हैं। आयोजकों के अनुसार प्रत्येक टीम 14-14 मैच खेलेगी। इनमें 12 मुकाबले पूरी तरह नाइट मैच होंगे, जबकि दो मैच डे-नाइट प्रारूप में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट के सभी मुकाबलों का लाइव प्रसारण क्रिक हीरोज ऐप पर किया जाएगा, जिससे देश-विदेश के क्रिकेट प्रेमी भी मैचों का सीधा प्रसारण देख सकेंगे। इस आयोजन को गज ग्रीन विलास, श्री सिद्धि विनायक ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, एस.एम.सी. ग्लोबल, नूर्टि वर्ल्ड, आरव ज्वैलर्स, ए.एस. डायमंड, आरएस ढाबा, इम्पैक्ट एडवरटाइजिंग, सूर्या बैंक्वेट, सम्राट, वी.आर. एग्रो फूड्स और एस.जे. ज्वैलर्स सहित कई संस्थानों का सहयोग प्राप्त है। रेडियो सिटी 91.9 एफएम टूर्नामेंट का रेडियो पार्टनर रहेगा। जी.पी. क्रिकेट अकादमी के सीए गगन मेहरोत्रा, विशाल मेहरोत्रा, पवन मेहरोत्रा और बॉबी ने बताया कि बिग बॉयज लीग का उद्देश्य स्थानीय क्रिकेट प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना, प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट को बढ़ावा देना और बरेली में खेल संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। उन्होंने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मैदान पर पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।