बरेली। शिक्षणेत्तर कर्मचारी संयुक्त परिषद, बरेली द्वारा संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से संगठन का विस्तार करते हुए कई पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। परिषद के जिलाध्यक्ष हरी शंकर ने संगठन हित एवं कर्मचारियों की समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए यह घोषणा की। नवगठित कार्यकारिणी में सूरज प्रकाश श्रीवास्तव को जिला मंत्री नियुक्त किया गया है। वहीं आउटसोर्स कर्मियों के हितों को ध्यान में रखते हुए अजय कुमार एवं सौरभ शुक्ला को जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष हरी शंकर ने कहा कि संगठन निरंतर शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं आउटसोर्सिंग कर्मियों के अधिकारों, समस्याओं तथा उनके हितों की रक्षा के लिए संघर्षरत है। जिला सयोंजक जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि संगठन के विस्तार से परिषद की गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा कर्मचारियों की आवाज को और अधिक मजबूती के साथ प्रशासन एवं शासन तक पहुंचाया जा सकेगा। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि वे परिषद की नीतियों एवं उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगे तथा कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। संगठन के अन्य पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं तथा आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत एवं प्रभावशाली बनेगा। इस मौके पर, मण्डल सयोंजक शैलेश कुमार सिंह, जिला कोषाध्यक्ष मु. फैसल, जिला बरिष्ठ उपाध्यक्ष कामरान आरिफ,शिशुपाल, सगीर, अरुण कुमार यादव, आशीष गोयल, पप्पू,विजेंद्र, प्रिया, कमल जीत सिंह,राकेश कुमार, अरविन्द पाली,नरेंद्र कुमार, प्रतीक सिंह, तिलक राम आदि कर्मचारी शामिल रहे।