बरेली। शिक्षणेत्तर कर्मचारी संयुक्त परिषद, उत्तर प्रदेश ने कर्मचारी हितों के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने वाले हरी शंकर को संगठन का वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष मनोनीत किया है। संगठन ने उनके लंबे संगठनात्मक अनुभव और कर्मचारियों के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका को देखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी है।हरी शंकर लंबे समय से शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और आउटसोर्स कर्मियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। उन्होंने सेवा अधिकार, पदोन्नति, मानदेय, सेवा सुरक्षा, मातृत्व अवकाश तथा कार्यस्थल पर सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करने जैसे विभिन्न मुद्दों पर कर्मचारियों की आवाज बुलंद की है।नियुक्ति के बाद हरी शंकर ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह प्रदेशभर के शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान और संगठन को अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने कर्मचारियों से संगठन की एकता बनाए रखने और कर्मचारी हितों की लड़ाई को मजबूती के साथ आगे बढ़ाने का भी आह्वान किया। संगठन के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने हरी शंकर को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों को शासन एवं प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।