बदायूँ। पुलिस मॉडर्न स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास एवं श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चे राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा में पहुंचे और सभी का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम के दौरान क्रियात्मक गतिविधियों के अंतर्गत बच्चों द्वारा सुंदर झूले, पोस्टर, मटकी एवं बांसुरी आदि तैयार कर आकर्षक ढंग से सजाया गया। बच्चों की रचनात्मकता और उत्साह ने जन्माष्टमी के माहौल को और भी मनमोहक बना दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री सुमेघ मिलिंद जाधव, आईपीएस, प्रतिसार निरीक्षक ने बच्चों द्वारा किए गए कार्यों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने सभी को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए बच्चों के उत्साह की सराहना की। इस अवसर पर बच्चों को मिष्ठान का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में प्रतिसार निरीक्षक श्री इन्द्रजीत सिंह, पुलिस स्टाफ, विद्यालय के प्रधानाचार्य शैलेन्द्र बत्तरा, समस्त अध्यापक-अध्यापिकाएं तथा वामा सारथी सदस्य श्रीमती नीलम उपस्थित रहीं। विद्यालय परिसर में बच्चों के उत्साह और कृष्णमय वातावरण ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।