प्रधानमंत्री मोदी ने धामपुर और हर्रावाला रेलवे स्टेशन का किया वर्चुअल उद्घाटन, ग्रीन हाइड्रोजन ट्रेन को भी दिखाई हरी झंडी
मुरादाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वर्चुअल माध्यम से उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल स्थित धामपुर और हर्रावाला रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने देशभर के 75 रेलवे स्टेशनों को राष्ट्र को समर्पित किया। साथ ही जींद-सोनीपत रेलखंड पर देश की पहली ग्रीन हाइड्रोजन ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई। यह ट्रेन शून्य कार्बन उत्सर्जन (जीरो एमिशन) तकनीक पर आधारित है। इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए आईआरसीटीसी की नई वेबसाइट का बीटा संस्करण भी लॉन्च किया गया।
धामपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक अशोक कुमार राणा, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष चौधरी रवि कुमार सिंह, ब्लॉक प्रमुख हेमलता चौहान, अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) पारितोष गौतम, मंडल वाणिज्य प्रबंधक पुरुषोत्तम बघेल सहित रेलवे अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, रेलवे कर्मचारियों, मीडिया प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में अतिथियों का पौधा भेंटकर स्वागत किया गया तथा पूर्व में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता स्कूली बच्चों को सम्मानित किया गया।हर्रावाला रेलवे स्टेशन पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल एवं डॉ. कल्पना सैनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों का पौधा भेंटकर स्वागत किया।कार्यक्रम के दौरान ओक ग्रोव स्कूल झड़ीपानी सहित विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह को आकर्षक बनाया। प्रतियोगिताओं में विजयी नौ छात्र-छात्राओं को राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। समारोह में रेलवे अधिकारियों ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से लैस इन स्टेशनों के संचालन से यात्रियों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।















































































